
बैठक में आरोप-प्रत्यारोप तीखी नोक-झोंक, अंततः बहुमत के आधार पर सभी प्रस्ताव पास कराने में सत्तापक्ष हुआ सफल!
आगामी वर्ष के लिए 791 करोड से अधिक बजट भी पेश किया
13-Aug, 2020
बिलासपुर-[जनहित न्यूज़] नगर निगम सामान्य सभा की बैठक हर बार की तरह इस बार भी तीख़ी नोक-झोक
हंगामे भरी रही। नई परिषद द्वारा पेश 105 प्रस्ताव भले ही बहुमत के आधार पर ध्वनिमत से पास हो गए लेकिन इस दौरान भाजपा पार्षद दल के विरोध का भी सामना करना पड़ा। कई बार तो कांग्रेसी पार्षदों ने ही अपने सवालों से सत्ता पक्ष के लिए मुश्किल हालात पैदा कर दिए। लंच ब्रेक के बाद एक बार जब फिर से सभा शुरू हुई तो चर्चा अमृत मिशन पर आई। जानकारी देते हुए बताया गया कि बिलासपुर में 87 किलोमीटर पाइप लाइन बिछाई जा चुकी है तो वही रेस्टोरेशन का कार्य किया जा रहा है। अमृत मिशन के कारण जहां सड़कें खराब हुई हैं वहां बारिश के बाद सड़क निर्माण का मामला भी गरमाया लेकिन इसके लिए 53 लाख रुपए की राशि रोकी गई है। कई स्थानों पर रेस्टोरेशन दोयम दर्जे के होने की भी शिकायत पर भी चर्चा हुई जिसके जवाब में बताया गया कि अमृत मिशन की देखरेख के लिए समिति का गठन किया गया है। इस दौरान कांग्रेस पार्षद विष्णु यादव ने विधवा पेंशन को लेकर मौजूदा गतिरोध पर सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा कि पूर्व में पार्षदों को ही अधिकार हासिल था जिस कारण पार्षदों द्वारा स्वीकृति के बाद जरूरतमंद विधवा पेंशन हासिल कर पाती थी लेकिन अब नियम कायदे जटिल कर दिए गए हैं। जिस कारण हितग्राहियों को खासा मुश्किल पेश आ रही है। एक बार फिर से पार्षदों को पुराना अधिकार देने की मांग की उठी विद्या विनोबा नगर क्षेत्र के पार्षद रविंद्र सिंह ने अपने वार्ड में जलभराव की स्थिति पर सवाल उठाया तो वहीं वार्ड क्रमांक 41 के पार्षद मोतीराम गंगवानी ने तोरवा श्मशान घाट में कोरोना मृतकों के अंतिम संस्कार पर सवाल खड़े किए। इस मुद्दे को गंभीरता से लेते हुए सभापति ने भी शहर से बाहर इस तरह की व्यवस्था करने की मांग की और कहा कि इस संबंध में कलेक्टर और एसडीएम से चर्चा की जाएगी। पिछले दिनों भाजपा कार्यकाल में हुए जवाली पुल बायपास मार्ग का नामकरण रोटरी क्लब पर किए जाने के बाद हंगामा मच गया था। एक बार फिर से यह मुद्दा सदन में गरमाया तो दोनों दलों के पार्षद सदन में ही भिड़ गए।

एक दूसरे से उलझते हुए पार्षद सभापति के डेस्क तक जा चढ़े। कुछ देर के लिए इस वजह से हंगामे की स्थिति बनी रही, बीजेपी पार्षद दल ने प्रस्ताव क्रमांक 100 और 101 पर विरोध दर्ज कराया। इसी हंगामे के बीच सभी 105 प्रस्ताव पास कर दिए गए तो वहीं आगामी वर्ष के लिए 791 करोड 75 लाख 76 हजार का बजट भी पेश किया गया। जिसमें अरपा नदी के दोनों किनारों से नाली निर्माण कर गंदे पानी को फिल्टर करने, नगर निगम सामान्य सभा के लिए सभा गृह निर्माण आदि के प्रस्ताव शामिल है।

